News

पीएम मोदी ने इस महिला को कहा छोटी बहन, लोग हुए मुरीद

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों से व्यक्तिगत संबंध मजबूत करने में उन्हें जैसी महारथ हासिल है, वैसे राजनेता बिरले होते हैं. गुरुवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान जापान की अपनी समकक्ष सनाए तकाइची को ‘छोटी बहन’ कहकर उन्होंने संबोधित किया. सोशल मीडिया में पीएम मोदी का यह संबोधन मातृशक्ति के प्रति उनके आदर भाव को परिलक्षित करता है. सोशल मीडिया में लोग पीएम मोदी के इस संबोधन की तारीफ कर रहे हैं. पीएम ने उन्हें एक “दूरदर्शी व लोकप्रिय नेता” बताया.

मोदी ने यह बात हिन्दी में कही और तकनीकी उपकरण के माध्यम से जापानी भाषा में उसका अनुवाद सुन रहीं तकाइची ने इस भावपूर्ण संबोधन पर मुस्कुराकर प्रतिक्रिया दी.

भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक व वैश्विक साझेदारी है. दोनों देशों की मित्रता का लंबा इतिहास रहा है.  दोनों देशों की साझा विरासत उनकी जड़ें आध्यात्मिक समानता तथा मजबूत सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों में हैं.

गुरुवार को हैदराबाद हाउस में मोदी और तकाइची के बीच शिखर वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया को संबोधित किया और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने के लिए कई हम पहलों की घोषणा की.

मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, “महामहिम और मेरी छोटी बहन प्रधानमंत्री तकाइची, दोनों देशों के प्रतिनिधि, मीडिया के साथियों, नमस्कार! कोन्निचिवा.”

कोन्निचिवा जापानी भाषा का एक शब्द है, जिसका इस्तेमाल किसी का अभिवादन करने के लिए किया जाता है.

मोदी ने कहा, “भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत की अपनी पहली यात्रा पर आईं प्रधानमंत्री तकाइची का स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है. वह जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं और एक दूरदर्शी व लोकप्रिय नेता हैं. इसके अलावा, वह जापान के नारा प्रांत से संबंध रखती हैं, जो भारत और जापान की साझा बौद्ध विरासत का एक बहुत महत्वपूर्ण केंद्र है.”

मोदी ने अपने भाषण का समापन हिंदी के शब्द ‘बहुत-बहुत धन्यवाद’ और जापानी शब्द ‘अरिगातो गोजाइमासु’ का इस्तेमाल करते हुए किया.

तकाइची प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर एक से तीन जुलाई तक 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर हैं. जापानी भाषा में दिए गए अपने संबोधन में तकाइची ने मोदी द्वारा उन्हें ‘छोटी बहन’ कहकर संबोधित किए जाने का उल्लेख किया.

उन्होंने कहा, “पहले छोटी बैठक और फिर बड़ी बैठक में हमने यह पुष्टि की कि हम इस रिश्ते को भाई और बहन की तरह आगे बढ़ाने को लेकर एक ही सोच रखते हैं.”

जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि बातचीत के दौरान उन्होंने और मोदी ने दोनों देशों के साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए ‘रणनीतिक सहयोग को प्रगाढ़ बनाने’ पर सहमति जताई.

उन्होंने संयुक्त प्रेस वार्ता में अपने संबोधन में कहा, “मैं अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और भारत की जनता की ओर से गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त करना चाहती हूं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button