टीआई पर शराब माफिया ने ट्रक चढ़ाया, कांग्रेस ने उठाए सवाल

भोपाल : देवास में अवैध शराब तस्करों ने एक पुलिस अधिकारी की जान ले ली. तस्करी रोकने की कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई. वारदात ने पुलिस विभाग में शोक की लहर फैला दी है. वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मोहन सरकार को घेरा है.
मीडिया इनपुट के मुताबिक, नेमावर रोड हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान यह वारदात हुई । टीआई दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर चेकिंग के लिए पहुंचे थे. पुलिसकर्मी संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच कर रहे थे. इसी दौरान अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश की गई. आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी. इस दौरान टीआई दिलीप पुरी ट्रक की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने निकले पुलिस अधिकारी की इस तरह जान चले जाने से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है. एक ओर पुलिस टीम अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए वाहनों की जांच कर रही थी, वहीं दूसरी ओर इसी कार्रवाई के दौरान एक अधिकारी की जान चली गई.
पुलिस अधिकारियों ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में शराब का परिवहन किस तरह किया जा रहा था और हादसे के दौरान वास्तव में क्या हुआ. ट्रक चालक की भूमिका सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मुद्दे पर मोहन सरकार पर सवाल किए हैँ. वहीं इस वारदात से मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैँ.






