यूपी में इन महिला आईएएस पर सीएम योगी ने जताया भरोसा, बुलडोजर एक्शन के लिए भी जानी जाती हैं…

नई दिल्ली : एक ओर देश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर मोदी सरकार और विपक्ष में खासी तकरार चल रही है। वहीं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर महिला आईएएस अधिकारियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें फील्ड में कई जिलों में डीएम के रूप में पदस्थ किया है। 2016 बैच की सरनीत कौर ब्रोका को रायबरेली जैसे महत्वपूर्ण जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वह हर्षिता माथुर की जगह लेंगी। जिनका तबादला निदेशक बाल विकास विभाग तथा निदेशक राज्य पोषण मिशन लखनऊ कर दिया गया है। इसी तरह आईएएस के तबादले में निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अमरोहा में भी कलेक्टर रह चुकी हैं।

खास बात यह है कि 2010 बैच की दुर्गा शक्ति नागपाल जिन्हें पूर्व की सपा सरकार में नोएडा डीएम रहते हुए निलंबित कर दिया गया था, उन्हें योगी सरकार में देवीपाटन मंडल का कमीश्नर बनाया गया है। दुर्गा शक्ति नागपाल रेत और अवैध खनन को लेकर अपनी सख्त कार्रवाई को लेकर नोएडा डीएम रहते हुए चर्चा में थीं। नई तबादला सूची में बांदा की डीएम रहीं जे रीभा को तत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव बनाया गया है। इसे उनके अच्छे कार्यों पर बड़ी जिम्मेदारी के रूप में प्रोत्साहन माना जा रहा है। उनकी जगह 2016 बैच के अमित असेरी बांदा के नये डीएम होंगे।

- दुर्गा शक्ति नागपाल मंडलायुक्त, देवीपाटन मंडल
- हर्षिता माथुर निदेशक बाल विकास विभाग
- अनीता वर्मा सिंह विशेष सचिव खाद्य विभाग बनीं
- पूजा साहू मुख्य विकास अधिकारी अमेठी बनीं
- गामिनी सिंगला मुख्य विकास अधिकारी बदायूं
- श्रुति शर्मा मुख्य विकास अधिकारी हापुड़ बनीं
आईएएस मेधा रूपम पहले ही नोएडा की डीएम के रूप में पदस्थ हैं। उनके पति मनीष बंसल 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मनीष बंसल को हालही में आगरा का डीएम बनाया गया है। मनीष बंसल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ज्ञानेश कुमार भी आगरा के रहने वाले हैं।






