क्या अभी और बढ़ेगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें..

नई दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत सोमवार को 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई लेकिन इसके बाद भी देश में तेल की कीमतें घटने के बजाय बढ़ रही हैं। घरेलू बाजार में पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 2.61 रुपए तो डीजल में 2.71 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई. इसके पीछे पश्चिम एशिया से पैदा वैश्विक तनाव को कारण बताया गया है। उल्लेखनीय है कि गत 15 मई से लेकर अब तक चार बार पेट्रोल व डीजल के खुदरा दाम बढ़ाए जा चुके हैं.
पेट्रोल के दाम में पिछले 10 दिनों में 7.50 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है. आर्थिक जानकारों के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल के दाम में अब तक हो चुकी बढ़ोतरी से खुदरा महंगाई दर में 0.25 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी मुमकिन है.
तेल बाजार के जानकार यह भी कह रहे हैं कि पेट्रोल व डीजल के खुदरा दाम में अभी और वृद्धि से इनकार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि डॉलर के मुकाबले रुपए के मूल्य में हो रही गिरावट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में तेजी के रुख से घरेलू ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर वित्तीय दबाव बढ़ता जा रहा है.






