News

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जब दी स्कूटी, दिव्यांगों के चेहरे में मुस्कान

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026: कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम छांटा निवासी दिव्यांग महेश कुमार पटेल के लिए आज का दिन नई उम्मीद लेकर आया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने कवर्धा स्थित निवास कार्यालय में महेश कुमार को सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी प्रदान की। स्कूटी मिलने से उनके आवागमन की समस्या दूर होने के साथ ही अब वे स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे। इस अवसर पर एक आत्मीय दृश्य देखने को मिला। स्थानीय पीजी कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं ने श्री महेश कुमार को स्कूटी की चाबी सौंपी। छात्राओं ने उनसे बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी ने मिलकर उन्हें स्कूटी चलाने का अभ्यास भी कराया।

ग्राम छांटा निवासी महेश कुमार ने बताया कि उन्होंने स्नातक स्तर तक पढ़ाई की है। दिव्यांगता के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी से उन्हें कई कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब स्कूटी मिलने से उनके लिए रोजमर्रा के कार्य आसान होंगे और वे आजीविका के लिए नया काम भी शुरू कर सकेंगे।

महेश कुमार ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि जब उन्हें लोगों से जानकारी मिली कि केवल आवेदन करने पर पात्रता के अनुसार सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी मिल सकती है, तो शुरुआत में उन्हें भरोसा नहीं हुआ। लेकिन आज स्कूटी मिलने के बाद उनका विश्वास और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि अब आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी और वे स्वयं अपने काम कर सकेंगे। उन्होंने इसके लिए कवर्धा विधायक एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल से कवर्धा क्षेत्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार सहायक उपकरणयुक्त स्कूटी प्रदान की जा रही हैं। अब तक 100 से अधिक दिव्यांगजनों को ऐसी स्कूटी उपलब्ध कराई जा चुकी है और हर स्कूटी के साथ बढ़ा दिव्यांगों का स्वाभिमान।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button