बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को मिली एक और बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी में वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को एक नई और बड़ी जिम्मेदारी मिली है. वह अब विधानसभा के सदस्य नहीं रहेंगे, पार्टी उन्हें राज्यसभा सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी देना चाहती है. इसके लिए उन्हें बिहार से उम्मीदवार बनाया गया है. राज्य सभा के लिए बीजेपी ने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. बिहार से पार्टी ने दो उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं. इनमें नितिन नवीन और शिवेश कुमार शामिल हैं. असम तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को उम्मीदवार बनाया गया है. छत्तीसगढ़ से बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है. हरियाणा से संजय भाटिया को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है.ओडिशा से भाजपा ने दो नामों की घोषणा की है. इनमें प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार शामिल हैं. पश्चिम बंगाल से भाजपा ने राहुल सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. बताया जा रहा है कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष यदि राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होते हैं तो उन्हें देश भर के प्रवास में कहीं अधिक मदद मिलेगी।
राज्यसभा चुनाव 2026 की नामांकन प्रक्रिया में सिर्फ एक दिन बाकी है. बिहार की 5 सीटों के लिए एनडीए और आरजेडी के बीच मुकाबला है. बिहार समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी हुई थी. नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है. 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी के कारण नामांकन के लिए केवल 5 मार्च का दिन बाकी बचा है.






