News

केटीयू के छात्र-छात्राओं ने जनजातीय नायकों को किया याद

जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान और संघर्ष की गौरवगाथा : राजीव शर्मा
केटीयू में ‘जनजाति गौरव माह-2026’ का हुआ आयोजन

रायपुर। जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान, संघर्ष और आत्मसम्मान की गौरवशाली गाथाओं से समृद्ध है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास तक जनजातीय समुदायों का योगदान अतुलनीय रहा है। आवश्यकता है कि उनके इतिहास, परंपराओं और योगदान को उचित स्थान देकर समाज के सामने प्रस्तुत किया जाए। यह बात जनजाति गौरव माह-2026 के अंतर्गत ‘जनजाति समाज का गौरवशाली अतीत’ विषय पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने की।
कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि जनजातीय समाज की प्रकृति आधारित जीवनशैली, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक चेतना भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक के दौर में जनजातीय भाषाओं, लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग जनजातीय समाज की पहचान और ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और योगदान को शोध एवं अकादमिक विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।
मुख्य अतिथि शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य श्री राजीव शर्मा ने कहा कि भारत में आठ प्रतिशत से अधिक आबादी जनजातीय समुदायों से संबंधित है और देश में 700 से अधिक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। जनजातीय समाज को समझने के लिए उसके इतिहास और संघर्षों को जानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारी पाठ्यपुस्तकों में जनजातीय नायकों और उनके गौरवशाली इतिहास को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है। स्वतंत्रता संग्राम में तिलका मांझी, रानी दुर्गावती और बिरसा मुंडा जैसे जनजातीय नायकों का योगदान अविस्मरणीय है। महाराणा प्रताप की सेना में शामिल पूंजा भील का योगदान भी इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने के साथ जनजातीय समाज को संगठित कर सामाजिक चेतना और स्वाभिमान का संदेश दिया।


शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की सामुदायिकता, परस्पर सहयोग और समानता की भावना उसकी विशिष्ट पहचान है। संकट के समय एक-दूसरे की सहायता करना इस समाज के जीवन मूल्यों में शामिल है। विकास की योजनाएं बनाने से पहले नीति-निर्धारकों को जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपराओं और वास्तविक समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने जनजातीय लोककलाओं और परंपराओं को अध्ययन एवं शोध का हिस्सा बनाने तथा समाज की सही तस्वीर सामने लाने के लिए प्रामाणिक शोध, पुस्तक लेखन और प्रभावी दस्तावेजीकरण पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव अनुराग जैन ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि जनजातीय समाज हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उनके जीवन मूल्य, परंपराएं और प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण समाज को अनेक महत्वपूर्ण सीख देते हैं। जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और गौरव का भाव रखते हुए उसकी संस्कृति एवं विरासत को संरक्षित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।


विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, समानता और सामाजिक चेतना का इतिहास है। संथाल विद्रोह जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज की संगठित शक्ति को प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की अनेक परंपराओं में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार और सम्मान प्राप्त रहा है। यह सामाजिक समानता और महिला सशक्तीकरण की ऐसी परंपरा है, जिससे आज का समाज भी प्रेरणा ले सकता है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति शर्मा ने किया। अंत में प्रबंधन विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button