मोदी सरकार का 12 साल पूरा, नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने वाले हैं पीएम!
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस तरह प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 12 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में गरीब कल्याण को वरीयता मिली, वहीं सामूहिकभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का रूप दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई।”
अपने संदेश में केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, जन-धन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को जन-जीवन तक पहुंचाकर लोगों के भरोसे को मजबूत किया है। यही विश्वास ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार कर रहा है। सीएम योगी ने आगे कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस युगांतकारी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री जी का कोटि-कोटि अभिनंदन।
पीएम मोदी से अधिक कार्यकाल तक सिर्फ जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री रह चुके हैं। ऐसे में अगले तीन साल में उनका रिकॉर्ड भी टूटता हुआ नजर आ रहा है।






