भोपाल : मध्यप्रदेश के रीवा में ब्राह्मण समाज की लड़कियों पर आपत्तिजनक रील बनाने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल को आखिरकार जेल भेज दिया गया है। मनीष पटेल कई महीनों से फरार चल रहा था। बुधवार को उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत हासिल करना चाहता था, लेकिन अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मनीष पटेल के वीडियो से ब्राह्मण समाज में काफी नाराजगी थी। ब्राह्मण समाज से जुड़े संगठनों ने मनीष पटेल की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन भी किया था। बताया जा रहा है चार महीने पहले मनीष के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। बताया जा रहा है इसके बाद भी मनीष पटेल सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहा। उसके यूट्यूब चैनल पर 4 मिलियन फॉलोअर हैं। सवाल यह भी है कि 29 जून को एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस के सामने सरेंडर करने में इतना समय क्यों लगा। इस बीच बताया जा रहा है कि पुलिस लगातार टावर लोकेशन के आधार पर निगरानी बढ़ा रही थी, जिससे मनीष पटेल के पास सरेंडर के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। रीवा सिविल लाइंस थाना प्रभारी विजय सिंह के मुताबिक आरोपी मनीष पटेल को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है, पूछताछ जारी है। जिस मोबाईल से आपत्तिजनक वीडियो बनाई गई थी उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने कहा है सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

