नई दिल्ली : शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के सीएम के रूप में शपथ ले ली है। पहली बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार और उसका सीएम बना है।कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP नेतृत्व और NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे। बीजेपी के इस शक्ति प्रदर्शन से विपक्षी दलों को बड़ा संदेश गया है। शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनते ही उनकी मां गायत्री की प्रतिक्रिया आई है। बहुत ही विनम्र और सरल गायत्री देवी मीडिया से बहुत दूर रहती हैं। उन्होंने बेटे के सीएम बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह खुद बहुत खुश हैं, लेकिन बंगाल की जनता उनसे भी ज्यादा खुश है।
गायत्री अधिकारी ने मीडिया को बताया कि उनके बेटे ने पिछले पांच सालों में लगातार संघर्ष किया और तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेता रहते हुए शुभेंदु पर कई बार जानलेवा हमले भी हुए थे। उनके मुताबिक तीन से चार बार ऐसे हालात बने जब उनके बेटे की जान को खतरा था।
पिता थे सांसद
उन्होंने कहा कि शुभेंदु ने यह लड़ने की ताकत अपने पिता शिशिर अधिकारी से सीखी है।शिशिर अधिकारी पहले TMC के बड़े नेता और कांथी लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं। बाद में 2021 विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारी परिवार BJP में शामिल हो गया था।
गायत्री अधिकारी ने कहा कि अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके बेटे की सबसे बड़ी जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के हर व्यक्ति की सेवा करना है। उन्होंने विशेष रूप से आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और हत्या मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि इस मामले में पीड़िता को सच्चा न्याय मिले। उन्होंने कहा कि नई सरकार को महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और गरीब वर्ग के हितों पर जोर देना चाहिए।

