नई दिल्ली: स्वयंभू बाबा अशोक खरात के साथ कथित संबंधों को लेकर सियासी आरोप का सामना कर रहीं महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष एनसीपी की नेता रुपाली चाकणकर ने आखिरकार अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यही नहीं उनके इंस्टा पेज पर एक बड़ा कदम बदलाव है। सोशल मीडिया में अपने रील से काफी फेम अर्जित करने वाली रुपाली के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लोग भद्दी-भद्दी टिप्पणियां कर रहे थे, ऐसे में उनके सोशल अकाउंट में कमेंट का ऑप्शन बंद कर दिया गया है। माना जा रहा है ऐसा लगातार हो रही आलोचनाओं और गंदे कमेंट को देखते हुए किया गया है। यहां उल्लेखनीय है कि रुपाली चाकणकर महिला सशक्तिकरण एवं आदर्श राजनीति के लिए जानी जातीं हैँ , लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल एक कथित वीडियो के कारण उन्हें खासी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की शिवसेना (UBT) द्वारा लगातार उनके ऊपर आरोप लगाए गए, इस्तीफा मांगा गया इसलिए उन्होंने अपना त्यागपत्र दे दिया है। रूपाली चाकणकर ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा, “आज सुबह (एनसीपी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री) सुनेत्रा पवार के साथ फोन पर हुई चर्चा के बाद, मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हूं।”
खरात प्रकरण पर उन्होंने वही कहा जिसके कयास लगाए जा रहे थे, चाकणकर ने कहा है “खरात मामले के सामने आने के पहले ही दिन मैंने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। मेरा उनके वित्तीय लेन-देन या किसी भी प्रकार के गलत काम से कोई संबंध नहीं है। जांच के दौरान सभी तथ्य सामने आ जाएंगे, लेकिन यह देखकर दुख होता है कि मुझ पर कुछ निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। मैंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को पहले ही बता दिया है कि खरात के मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए।”
इस पूरे मामले में यह भी देखा गया है कि उनके कथित वीडियो के बाद जिस तरह लोग गंदे कमेंट कर रहे हैं, यह न सिर्फ अमर्यादित है बल्कि किसी की निजी जिंदगी में दखल देने जैसा भी है। बहरहाल इस पूरे मामले में उन्होंने मीडिया के सामने आकर न सिर्फ अपना पक्ष रखा है बल्कि एक मझे हुए नेता की तरह सधा हुआ बयान भी दिया है।
उधर ज्योतिष विद्या के नाम पर सुंदर महिलाओं के साथ कथित रूप से अवैध संबंध बनाने वाले बाबा अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ में कई चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लगभग 60 महिलाओं के साथ उसने अवैध संबंध बनाए। उसका कहना है कि महिलाएं स्वयं ऐसा करती थीं। वह तंत्र साधना के लिए ऐसा करता था। बहरहाल पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है, आने वाले दिनों में कई और हाईप्रोफाइल नाम सामने आ सकते हैं। वहीं महाराष्ट्र पुलिस इस मामले में जिस तरह कड़ाई से जांच कर रही है उससे कई और गिरफ्तारियां संभव है। माना जा रहा है कि कुछ और इस्तीफे भी हो सकते हैं।

