रायपुर : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जगदलपुर आगमन से पूर्व छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को सड़क मार्ग से रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना हुए। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोंडागांव पहुंचे, जहां उन्होंने बिहान योजना के अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “मोर सुआद दीदी की रसोई” का अवलोकन किया। इस दौरान बिहान समूह की महिलाओं ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजन फरा एवं अंगाकर रोटी का स्वाद चखा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने समूह की महिलाओं से उनकी आय एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना को निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिले के लोक कलाकारों की पेंटिंग्स का अवलोकन किया गया तथा कलाकारों से संवाद कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कोंडागांव जाएं तो मोर सुआद-दीदी की रसोई” में व्यंजन अवश्य खाएं…

