लखनऊ : उत्तर प्रदेश के अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के कथित आरोपों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. विशेष जांच कमेटी द्वारा जांच के बाद अब प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. यह दावा सूत्रों ने किया है. इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
शुरुआती जांच में मिले तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. श्री कृष्ण मोहन की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है. बताया जा रहा है कि एफआईआर में छह लोगों को नामजद किया गया है.
इसके साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव की चर्चा है. सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के नए सीईओ के रूप में एक रिटायर्ड अधिकारी की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि विश्व हिन्दू परिषद द्वारा भी एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की गई थी. ट्रस्ट के स्वरूप में भी बदलाव की चर्चा है. इस मामले में सियासत भी खूब हो रही है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि बिना एफआईआर के एसआईटी वैसे ही है जैसे बिना तीर के कमान.

