रायपुर : छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता श्री रूप नारायण सिन्हा का निधन हो गया है। वह प्रदेश के कद्दावर नेता थे। उन्हें दो साल पहले ही छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था। बिलासपुर में कार्डियक अटैक से उनकी मौत हुई है। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। मिली जानकारी के मुताबिक रूपनारायण सिन्हा (Roopnarayan Sinha) बीजेपी के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। सिन्हा इस अभियान के प्रभारी भी थे। इसी दौरान अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रूपनारायण सिन्हा छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष थे और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हैं। छत्तीसगढ़ में संघ के कार्य विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विश्व हिन्दू परिषद में भी वह संगठन मंत्री का दायित्व निर्वहन कर चुके थे। उनके निधन की खबर लगते ही राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव समेत सभी कैबिनेट मंत्री, सांसदों और विधायकों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा के दिग्गज नेता का निधन, रायपुर से दिल्ली तक शोक की लहर

