Site icon Hindustan Opinion

बस्तर रेंज के आईजी बनाए गए बद्रीनारायण

रायपुर : बस्तर से नक्सलवाद खत्म हो चुका है. बस्तर रेंज के आईजी रहे पी सुंदरराज को एनआईए में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. लेकिन सरकार बस्तर में सुरक्षा कानून व्यवस्था और विकास के मोर्चे पर किसी तरह समझौता नहीं करना चाहती. यही वजह है कि एक बेहत तेज तर्रार अफसर को पी सुंदरराज की जगह  बस्तर रेंज का आईजी बनाया गया है. छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी आदेश में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है. गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में आईजी के रूप में पदस्थ मीणा को आगामी आदेश तक बस्तर रेंज, जगदलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. बस्तर रेंज प्रदेश का सबसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में यहां आईजी की नियुक्ति को प्रशासनिक और सुरक्षा नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है. नई जिम्मेदारी के तहत हत मीणा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा रणनीति और नक्सल विरोधी अभियानों की निगरानी करेंगे. यहां उल्लेखनीय है कि बस्तर में कानून व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान के बाद विकास कार्यों पर सीधे गृह मंत्री अमित शाह की नजर रहती है.

कई जिलों में रहे एसपी

राजस्थान मूल के बद्रीनारायण मीणा वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. यूपीएससी परीक्षा में कामयाबी के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2004 में की और इसके बाद राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं.

मीणा बलरामपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, जगदलपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग जैसे जिलों में एसपी और एसएसपी रह चुके हैं. कम्युनिटी पुलिसिंग और जनसहभागिता आधारित पुलिस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भी उन्हें जाना जाता है। वे बिलासपुर और दुर्ग रेंज के आईजी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं.

Exit mobile version